80-90 के दौर के अपराधों को याद कर बोले शालीन भनोट, 'आज के शहर पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस होते हैं'

80-90 के दौर के अपराधों को याद कर बोले शालीन भनोट, 'आज के शहर पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस होते हैं'

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। अभिनेता शालीन भनोट इन दिनों अपनी वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' को लेकर चर्चा में हैं। यह सीरीज 1980 और 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें अपराध, गैंगवार और पुलिस की चुनौतियों को दिखाया गया है। पुराने दौर में कानून व्यवस्था को लेकर शालीन भनोट ने आईएएनएस संग बातचीत में अपने विचार खुलकर साझा किए। उन्होंने बताया कि 80 और 90 के दशक के मुकाबले आज कई शहरों में हालात काफी बेहतर हुए हैं और लोग पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए शालीन भनोट ने कहा, ''अगर कोई 80 और 90 के दशक में होने वाले अपराधों को ध्यान से देखे, तो समझ सकता है कि उस समय पुलिस बल को कितनी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था। उस दौर में अपराध ज्यादा खुले तौर पर होते थे और अपराधियों के अंदर कानून का डर भी कम दिखाई देता था। आज के समय में कई शहरों में सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में मजबूत हुई है।''

शालीन ने खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि अब महिलाएं पहले से ज्यादा आत्मविश्वास के साथ घर से बाहर निकल पाती हैं। समाज में बदलाव आया है और कई जगहों पर अपराध के मामलों में कमी भी देखने को मिली है।

शालीन भनोट ने अपनी सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' के बारे में बात करते हुए कहा, ''यह सिर्फ एक मनोरंजन करने वाली कहानी नहीं है, बल्कि यह उस दौर की पुलिसिंग की सच्चाई को भी सामने लाती है। आज के दर्शक जब पुराने समय को देखते हैं, तो उन्हें लगता है कि उस दौर में पुलिस का काम शायद आसान रहा होगा। लेकिन असलियत इससे बिल्कुल अलग है। उस समय अपराध ज्यादा खतरनाक और हालात काफी अव्यवस्थित हुआ करते थे। पुलिस के पास आज जैसी आधुनिक तकनीक, निगरानी व्यवस्था या संसाधन नहीं थे, फिर भी उन्हें अपराधियों से लड़ते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखनी पड़ती थी।''

अभिनेता ने आगे कहा, ''यह सीरीज दर्शकों को उस समय की असली तस्वीर दिखाने का काम करती है। लोग आज जिस सुरक्षित माहौल में रह रहे हैं, उसके पीछे पुलिस और सुरक्षा बलों की कई सालों की मेहनत और संघर्ष छिपा हुआ है। उस दौर में पुलिस अधिकारियों को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ता था। अपराधियों के गिरोह सक्रिय रहते थे और कई बार पुलिस और अपराधियों के बीच सीधे टकराव की स्थिति बन जाती थी। ऐसे माहौल में कानून व्यवस्था संभालना किसी चुनौती से कम नहीं था।''

बता दें कि 'इंस्पेक्टर अविनाश' सीरीज में शालीन भनोट बलजीत नाम के पंजाबी सिख की भूमिका में नजर आएंगे।

--आईएएनएस

पीके/पीएम