20 साल से रोजाना योगासन कर रहीं जूही चावला, बोलीं- जीवन में आई स्पष्टता और मजबूती

20 साल से रोजाना योगासन कर रहीं जूही चावला, बोलीं- जीवन में आई स्पष्टता और मजबूती

नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर भारत सरकार का आयुष मंत्रालय लगातार कई क्षेत्रों की हस्तियों के प्रेरणादायक वीडियोज शेयर कर रहा है। इसी कड़ी में मंत्रालय ने अभिनेत्री जूही चावला का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इस वीडियो के माध्यम से जूही चावला अपने जीवन में योग के महत्व और उससे मिले सकारात्मक बदलावों के बारे में खुलकर बात करती नजर आईं। उन्होंने कहा कि आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें योग की बहुत बड़ी भूमिका रही है।

आयुष मंत्रालय ने इंस्टाग्राम पर वीडियो को पोस्ट करते हुए बताया, जूही चावला का 20 वर्षों का योग सफर कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मंत्रालय ने लोगों से ‘योगा 365’ अभियान को अपनाने और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की है। साथ ही विश्व योग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य, शांति और नियमित योग अभ्यास का संकल्प लेने का भी संदेश दिया।

वहीं, के वीडियो जरिए जूही चावला ने बताया कि जब उन्होंने योग की शुरुआत की थी, तब उन्हें भी अन्य लोगों की तरह कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शुरुआती दिनों में योग क्लासेज के दौरान आसनों का अभ्यास करते समय शरीर में दर्द महसूस होता था और कई बार यह समझना मुश्किल लगता था कि योग क्यों किया जा रहा है। हालांकि, हर सत्र के अंत में होने वाले शवासन के बाद उन्हें एक नई ऊर्जा और ताजगी का अनुभव होता था।

उन्होंने कहा कि योग करने के बाद ऐसा महसूस होता था जैसे दिन की शुरुआत नई ताकत और उत्साह के साथ हो रही हो। यही अनुभव धीरे-धीरे उन्हें योग के प्रति और अधिक समर्पित करता गया। जूही के अनुसार, योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मविश्वास और आंतरिक मजबूती प्रदान करने का भी माध्यम है।

अभिनेत्री ने कहा कि आज के समय में लोगों के जीवन में काम का दबाव, सामाजिक अपेक्षाएं और कई तरह की चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे माहौल में मन की शांति, स्पष्ट सोच और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने योग को स्वयं के लिए किए जाने वाले सबसे अच्छे कार्यों में से एक बताया।

जूही चावला ने भारतीय ऋषि-मुनियों द्वारा दी गई इस अमूल्य परंपरा के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे हर दिन योग करें और विश्व योग दिवस 2026 (21 जून) से पहले योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

--आईएएनएस

एमटी/पीएम