1911 के बाद, अमृत ​​भारत स्टेशन योजना के तहत मानसा रेलवे स्टेशन की बदली सूरत

1911 के बाद, अमृत ​​भारत स्टेशन योजना के तहत मानसा रेलवे स्टेशन की बदली सूरत

मानसा, 23 मार्च (आईएएनएस)। अमृत ​​भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के मानसा रेलवे स्टेशन की सूरत पूरी तरह से बदली जा रही है। यहां पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग से शौचालय, यात्रियों के ठहराव के लिए वेटिंग रूम, पीने के लिए स्वच्छ जल, और दिव्यांगों के लिए अलग से टिकट काउंटर बनाए गए हैं। यात्रियों ने पीएम मोदी का आभार जताया है कि इस योजना के तहत इतने पुराने रेलवे स्टेशन का रेनोवेशन का काम किया गया।

मानसा जिले को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। 1911 में बने रेलवे स्टेशन को करीब 100 वर्ष बाद मानसा को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रेलवे स्टेशन मिला है। इसे नए लुक देकर आम जनता को समर्पित किया गया है। हालांकि, अभी भी रेनोवेशन का काम चल रहा है। नए रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक भवन, गाड़ियों के लिए पार्किंग, यात्रियों के लिए वेटिंग रूम, लिफ्ट, फुट ओवरब्रिज, वाई-फाई, और स्वच्छ पेयजल सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मानसा रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1911 में हुआ था। समय के साथ शहर की आबादी बढ़ती गई, लेकिन रेलवे स्टेशन की सुविधाएं वही की वही रहीं। अब करीब 100 साल बाद केंद्र सरकार ने मानसा समेत कई रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया है।

नए स्टेशन पर यात्रियों के लिए ये सुविधाएं रहेंगी। नए रेलवे स्टेशन की भव्य इमारत में यात्रियों के लिए आरामदायक वेटिंग रूम, टिकट घर, स्वच्छ शौचालय, बैठने के लिए आधुनिक बेंच, एलईडी लाइटों से सुसज्जित प्लेटफार्म, और पहले प्लेटफार्म से दूसरे और तीसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए फुट ओवरब्रिज व लिफ्ट की सुविधा दी गई है। इसके अलावा, स्टेशन परिसर में बड़ी कैंटीन, गाड़ियों के लिए अलग पार्किंग, और यात्रियों के लिए सुव्यवस्थित वेटिंग रूम की व्यवस्था की गई है। स्टेशन के बाहर दिव्यांगजनों के लिए विशेष पार्क का भी निर्माण किया गया है।

जतिंदर आगरा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि मानसा स्टेशन भटिंडा-दिल्ली लाइन पर बना हुआ है। यह 1911 में स्टेशन बना था। इस स्टेशन का रेनोवेशन अमृत भारत योजना के तहत हो रहा है। इसे अमृत भारत स्टेशन घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि दो साल से नवीनीकरण का काम चल रहा है। यहां एक आधुनिक बिल्डिंग बनी है, यात्रियों के ठहराव के लिए रूम बनाए गए हैं। यहां पर महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। कैंटीन बहुत अच्छी बनी है। फिलहाल टेंडर नहीं हुआ है। दिव्यांगों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है, और एक अलग से टिकट काउंटर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि नॉर्थ साइड से भी स्टेशन में एंट्री दी जाए। फुटओवर ब्रिज जो बनाया गया है, उसे नॉर्थ साइड में एक्सटेंशन कर दिया जाए तो इससे काफी यात्रियों को राहत मिलेगी।

एक स्थानीय यात्री ने कहा कि यहां पर जीआरपी, आरपीएफ की चौकी है, जिससे चोरी की वारदात कम हो गई है। पहले की तुलना में बहुत सुधार हो गया है, बैठने की अच्छी सुविधा हो गई है।

रिम्पी ने कहा कि पहले की तुलना में काफी बदलाव आ गया है, हम लोग बहुत खुश हैं, अच्छी पार्किंग की सुविधा है, वाटर एटीएम लगाए गए हैं, बैठने की अच्छी व्यवस्था है, लिफ्ट की व्यवस्था भी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी