रायपुर, 9 मई (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थान के साथ जुड़कर अपने उज्ज्वल पेशेवर करियर शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर), रायपुर, ने 1 वर्ष की अवधि के लिए विभिन्न डिवीजनों में ट्रेड अप्रेंटिस (व्यापार प्रशिक्षु) के कुल 1,644 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एसईसीआर की ओर से जारी पदों में डीआरएम कार्यालय, रायपुर डिवीजन से कुल 1,363 पद शामिल हैं; उनमें वेल्डर (गैस और इलेक्ट्रिक) के 262, टर्नर के 28, फिटर के 406, इलेक्ट्रीशियन के 337, स्टेनोग्राफर (हिंदी) के 10, स्टेनोग्राफर (अंग्रेजी) के 11, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता निरीक्षक के 25, सीओपीए के 81, मशीनिस्ट के 14, डीजल मैकेनिक के 97, रेफ्रिजरेशन एवं एसी मैकेनिक के 26, लोहार के 2, हथौड़ा चलाने वाले के 1, राजमिस्त्री के 2, पाइपलाइन फिटर के 2, बढ़ई के 6, पेंटर के 6, और इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के 47 पद शामिल हैं।
वहीं, वैगन मरम्मत की दुकान, रायपुर से कुल 281 पद शामिल हैं, उनमें फिटर के 110, वेल्डर के 110, मशीनिस्ट के 18, टर्नर के 15, इलेक्ट्रीशियन के 18, सीओपीए के 8, स्टेनोग्राफर (हिंदी) के 1, और स्टेनोग्राफर (अंग्रेजी) के 1 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 जून तय की गई है, ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी शिक्षा प्रणाली के अंतर्गत 10वीं कक्षा की परीक्षा या उसके समकक्ष परीक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होने चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित ट्रेड में आईटीआई पाठ्यक्रम उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, कौशल, चिकित्सा परीक्षण, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को स्टाइपेंड रेलवे बोर्ड के नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार एनएपीएस (राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना) की आधिकारिक पोर्टल पर जाएं। वहां खुद को पंजिकृत करें। इसके बाद मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। फिर रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी