कूनो नेशनल पार्क में नामीबियाई चीता 'आशा' से जन्मे तीन शावक

Namibian cheetah Aasha gives birth to three cubs at Kuno

भोपाल, 3 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क से एक अच्छी खबर आई है। यहां नामीबिया से आई मादा चीता आशा ने तीन शावकों को जन्म दिया है।

मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।

ज्ञात हो कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर नामीबिया से आए चीतों के दल को बाड़े में छोड़ा था। अब यहां एक मादा चीता ने तीन शावकों को जन्म दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामिबियाई मादा चीता आशा द्वारा तीन शावकों के जन्म पर हर्ष व्यक्त करते हुए चीता परियोजना से जुड़े लोगों, वन्य जीव प्रेमियों और नागरिकों को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक समय था, जब एशिया की धरती से चीता समाप्त हो गया था। आज तीन चीता शावकों ने जन्म लिया है। यह विश्व की विशेष घटना है। कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना की सफलता इन तीन शावकों के जन्म से स्थापित होती है। इसकी परिकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पारिस्थितिकी संतुलन के उद्देश्य से की थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह परिकल्पना साकार होते हुए देखना रोमांचकारी है। चीता परियोजना में सभी स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेषज्ञों ने परिश्रम से कार्य किया है। तीन शावकों का जन्म इस परियोजना की सार्थकता को बढ़ाएगा।

--आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम